
पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और पांच बार विधायक रहे ऑल इंडिया कांग्रेस के सीनियर नेता पंडित बाल मुकंद शर्मा (90) का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया। सोमवार को सरकारी सम्मान के साथ उनके शव का अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले विधायक जलालाबाद रमिंद्र आंवला, डिप्टी कमिश्नर गुरपाल सिंह चाहल, एसएसपी भूपिंद्र सिंह, एसडीएम अमित गुप्ता, सूचना कमिशनर अनुमित सिंह हीरा सोढी, कांग्रेस के जिला प्रधान गुरचरन सिंह नाहर की तरफ से श्रद्धांजलि भेंट की गई।
90 साल की उम्र में पीजीआई चंडीगढ़ में ली अंतिम सांस
नेता पंडित बाल मुकंद शर्मा का पीजीआई चंडीगढ़ में 2 जनवरी को देहांत हो गया था, जिनके पार्थिव शरीर का सोमवार को फिरोजपुर शहर के जीरा गेट स्थित श्मशानघाट में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पंजाब पुलिस की टुकड़ी ने प्रोटोकॉल अनुसार श्रद्धांजलि भी भेंट की। संस्कार दौरान मौजूद राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक शख्सियतों ने उनके बेटे राजिंदर शर्मा, एडवोकेट गुलशन शर्मा, विनोद शर्मा सहित समूह परिवार और रिश्तेदारों और मित्रों के साथ दुख सांझा करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वे उनके साथ हैं।
सभी ने परमात्मा के आगे परिवार को ईश्वरीय आदेश मानने की अरदास भी की। उनके बेटे एडवोकेट गुलशन शर्मा ने बताया कि उनके पिता कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने बताया कि 2 जनवरी को उनके पिता का निधन हुआ और संयोग से उसी दिन उनका जन्मदिन भी था। वह करीब 90 साल की उम्र के थे। इस मौके पर कांगरी नेता हरिंदर खोजा, सुखविंद्र अटारी, बलवीर बाठ, ऋषि शर्मा सहित बड़ी संख्या में शहर के लोग मौजूद रहे।
पांच बार रहे थे विधायक
पंडित बाल मुकंद शर्मा 1992 से 1997 तक प्रदेश की कांग्रेस सरकार में मंत्री भी रहे। राजनीति में पंडित बाल मुकुंद शर्मा जनसंघ के टिकट पर 1967 में चुनाव मैदान में उतरे थे। वह कांग्रेस प्रत्याशी गिरधारा सिंह से हार गए। 1969 में हुए चुनाव में भारतीय जनसंघ प्रत्याशी पंडित बाल मुकुंद शर्मा विजयी रहे, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी गिरधारा सिंह हार गए।
उस समय जनसंघ का चुनाव चिह्न दीपक था। 1972 में हुए चुनाव में दोनों प्रतिद्वंद्वियों ने अपनी पार्टियां बदल लीं। इस दौरान शर्मा कांग्रेस में शामिल हो गए और गिरधारा सिंह जेएनपी में। 1992, 1985, 1980, 1972, 1969 में बाल मुकुंद शर्मा फिरोजपुर से विधायक बने। 2002, 2007 में शर्मा को हार मिलने के बाद पार्टी ने 2012 में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में परमिंदर सिंह पिंकी को चुनाव मैदान में उतारा, तब से पिंकी इस सीट से विधायक हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3b9cHVC
No comments:
Post a Comment